दानवीर भामाशाह जयंती पर भव्य समारोह, शीर्ष करदाताओं और व्यापारियों का हुआ सम्मान

दानवीर भामाशाह जयंती पर भव्य समारोह, शीर्ष करदाताओं और व्यापारियों का हुआ सम्मान


मुजफ्फरनगर। मेवाड़ के महान दानवीर और राष्ट्रभक्त भामाशाह की जयंती के पावन अवसर पर राज्य कर विभाग, मुजफ्फरनगर संभाग द्वारा सोमवार को “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में किया गया, जिसमें जिले के व्यापारियों, उद्योगपतियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास, व्यवसायिक शिक्षा एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, मीरापुर विधानसभा की विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा शामिल रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी एवं राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी अतिथियों का जीवित पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके पश्चात राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राजनाथ तिवारी ने दानवीर भामाशाह के जीवन, उनके त्याग, राष्ट्रभक्ति और महाराणा प्रताप के संघर्ष में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भामाशाह का जीवन आज भी समाज और व्यापारी वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।


समारोह के दौरान सहायक आयुक्त सारिका सिंह ने व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण के लाभ, त्वरित पंजीकरण प्रक्रिया, व्यापारी दुर्घटना योजना तथा अन्य व्यापारी हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने व्यापारियों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक राज्य कर जमा करने वाले जिले के शीर्ष दस व्यापारियों और उनकी फर्मों का सम्मान रहा। राज्य कर विभाग द्वारा उत्कृष्ट एवं पारदर्शी कर अनुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन व्यापारियों को मुख्य अतिथियों के हाथों स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।


अपने संबोधन में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ है और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारी हितों की रक्षा और उनके व्यवसाय को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों और उद्योगपतियों से दानवीर भामाशाह के आदर्शों, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।


इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न व्यापारी एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन मुजफ्फरनगर के व्यापारियों को सुरक्षित, भयमुक्त और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी प्रदेश सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों और योजनाओं की जानकारी देते हुए व्यापारियों की भूमिका को देश की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
समारोह का सफल संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में राज्य कर विभाग, मुजफ्फरनगर संभाग के संयुक्त आयुक्त (वि. अनु. शा.) सिद्धेश चन्द्र दीक्षित ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, पत्रकारों, व्यापारी संगठनों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह सौहार्द, सम्मान और व्यापारी हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles