
शाहपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ चार आरोपी दबोचे छह विदेशी पिस्टल, तीन तमंचे, एक मस्कट और कारतूस बरामद, मेरठ से हथियार खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने का करते थे काम शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने अवैध शस्त्रों की
शाहपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ चार आरोपी दबोचे
छह विदेशी पिस्टल, तीन तमंचे, एक मस्कट और कारतूस बरामद, मेरठ से हथियार खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने का करते थे काम
शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह विदेशी पिस्टल, तीन देशी तमंचे, एक मस्कट और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मेरठ निवासी एक व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदकर विभिन्न स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचते थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार 29 अक्टूबर को थाना शाहपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव सोरम के गेट नंबर-दो स्थित यात्री प्रतीक्षालय में कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ शुगनू निवासी बपारसी, सनी निवासी अटेरना, निखिल उर्फ निक्की निवासी पथौली तथा शुभम निवासी अटेरना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों की उम्र करीब 23 से 25 वर्ष के बीच है।
हथियारों की खरीद-फरोख्त का करते थे काम
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मेरठ निवासी एक व्यक्ति से विदेशी पिस्टल और तमंचे खरीदकर लाते थे। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर मांग के अनुसार ऊंचे दामों में बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुजफ्फरनगर में भी हथियारों की सप्लाई करने के लिए आए थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की छह विदेशी पिस्टल, .315 बोर के तीन देशी तमंचे, .315 बोर की एक मस्कट, पांच जिंदा कारतूस और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है। मामले में थाना शाहपुर पर मुकदमा संख्या 299/2026, आयुध अधिनियम की धारा 3/5/25 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश उर्फ शुगनू के विरुद्ध बिजनौर और मेरठ जनपद में भी मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। वहीं, निखिल उर्फ निक्की का भी पूर्व आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस हथियारों के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और आरोपियों के फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विशाल यादव, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी सहित थाना शाहपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।











