
प्रेम संबंधों में बाधक पति की हत्या का खुलासा, पत्नी समेत चार गिरफ्तार रतनपुरी। थाना रतनपुरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने
प्रेम संबंधों में बाधक पति की हत्या का खुलासा, पत्नी समेत चार गिरफ्तार

रतनपुरी। थाना रतनपुरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ग्राम अम्बरपुर के जंगल में हुई प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या का खुलासा करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी रेखा ने अपने प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर दो अवैध तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को ग्राम अम्बरपुर के जंगल में रायपुर नंगली निवासी प्रवीण उर्फ परविंदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में थाना रतनपुरी में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5), 61(2) बीएनएस एवं आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया था।

पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजा उर्फ काला पुत्र राजपाल निवासी कसेरवा थाना शाहपुर, कल्याण सिंह उर्फ कल्लू पुत्र हरवीर सिंह निवासी मोघपुर थाना मंसूरपुर, विकास पुत्र रामवीर शर्मा निवासी दूधाहेड़ी थाना मंसूरपुर तथा मृतक की पत्नी रेखा निवासी रायपुर नंगली थाना रतनपुरी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी रेखा के विकास के साथ कथित प्रेम संबंध थे और रेखा विकास से शादी करना चाहती थी। पुलिस का कहना है कि प्रवीण को इन संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध कर रहा था। इसी कारण रेखा और विकास ने प्रवीण की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार विकास ने हत्या की योजना में राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को शामिल किया। राजा के मृतक प्रवीण पर करीब डेढ़ लाख रुपये भी बकाया थे। पुलिस का दावा है कि योजना के तहत रेखा ने विकास को प्रवीण की हत्या के बाद जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने का आश्वासन दिया था। विकास ने राजा और कल्याण सिंह को भी हत्या के बाद रुपये देने की बात तय की थी।
पुलिस के अनुसार योजना के तहत राजा उर्फ काला ने नया सिम लेकर प्रवीण को फोन किया और उसे अम्बरपुर के जंगल में बुलाया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने प्रवीण की गोली मारकर हत्या कर दी और स्विफ्ट कार से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी महावीर चौहान, एसओजी प्रभारी मोहित सिंह, एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी समेत थाना रतनपुरी और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।











