कुटबा में लाइब्रेरी से लौट रहे दो भाइयों पर फायरिंग, बाल-बाल बचे क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना ने घटनास्थल का दौरा कर ली जानकारी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

कुटबा में लाइब्रेरी से लौट रहे दो भाइयों पर फायरिंग, बाल-बाल बचे

क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना ने घटनास्थल का दौरा कर ली जानकारी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

*शाहपुर, मुजफ्फरनगर।* थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव कुटबा में लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रहे दो भाइयों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों भाई बाल-बाल बच गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली।

गांव कुटबा निवासी चंचल कुमार पुत्र पवन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे वह अपने छोटे भाई आयुष के साथ गांव में स्थित लाइब्रेरी से पढ़कर लौट रहा था। जब दोनों भाई लाइब्रेरी के गेट पर पहुंचे, तभी गांव कुटबा निवासी जयकुमार उर्फ कुक्कू पुत्र रामधन ने कथित रूप से उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। चंचल कुमार के अनुसार, आरोपी द्वारा की गई फायरिंग में वह और उसका छोटा भाई आयुष बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद पीड़ित चंचल कुमार ने थाना शाहपुर पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित जानकारी जुटाई। वहीं, मौके पर पुलिस पिकेट भी मौजूद रही।

कुटबा चौकी प्रभारी दीपक चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गांव में हुई इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles