सेवा सेतु में एक परिसर में कई विभागों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं सेवा सेतु में एक परिसर में कई विभागों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य शिविर रहा आकर्षण का केंद्र, पूर्व विधायक उमेश मलिक ने किया शुभारंभ शाहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन
सेवा सेतु में एक परिसर में कई विभागों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सेवा सेतु में एक परिसर में कई विभागों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य शिविर रहा आकर्षण का केंद्र, पूर्व विधायक उमेश मलिक ने किया शुभारंभ

शाहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय शाहपुर परिसर में सेवा सेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा अलग-अलग शिविर लगाए गए। कार्यक्रम में सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकर्ताओं, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक उमेश मलिक, निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अरविंद त्यागी तथा भाजपा जिला मंत्री परमेश सैनी ने फीता काटकर किया। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक उमेश मलिक ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य एक ही परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों को एक साथ उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार क्षेत्र के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है तथा कार्यकर्ता भी सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में जुटे हैं।

निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अरविंद त्यागी ने कहा कि सेवा सेतु जैसे कार्यक्रम ग्रामीणों और सरकारी विभागों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाना चाहिए। भाजपा जिला मंत्री परमेश सैनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
खाद्य एवं रसद विभाग के वरिष्ठ लिपिक सचिन कुमार ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी जायसवाल के नेतृत्व में डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. आबिद और डॉ. निशा सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां उपलब्ध कराईं। एआरओ प्रवीण कुमार ने भी शिविर में सहयोग किया।



राजस्व विभाग, पंचायती राज विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों की ओर से भी शिविर लगाकर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी विभाग का शिविर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सीडीपीओ राहुल कुमार, सुपरवाइजर गीता देवी एवं कुमारी साक्षी के नेतृत्व में लगाए गए शिविर की पूर्व विधायक उमेश मलिक ने सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने उल्लेखनीय सेवाएं दीं, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता।



इस दौरान पूर्व विधायक उमेश मलिक ने आंगनबाड़ी शिविर में गोद भराई कार्यक्रम में भाग लिया तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया। कार्यकत्री ममता देवी, मिथिलेश देवी सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. मनीष त्यागी, सोरम मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा, भाजपा नेता सुधीर सेन, नीरज त्यागी, सोनू बालियान, उमेश गोयल, चौधरी संतरपाल सिंह, डॉ. सतीश सैनी, जितेंद्र चौधरी, अश्वनी कुमार, रूबी सैनी, कविता सैनी, एडीओ धर्मदत्त तथा खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार त्यागी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।











