
स्वच्छता ही सेवा अभियान में छात्राओं ने दिया स्वच्छता व जल संरक्षण का संदेश चित्रकला प्रतियोगिता में रिया प्रथम, रुपाली द्वितीय और नन्दिनी तृतीय रहीं; विजेताओं को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
स्वच्छता ही सेवा अभियान में छात्राओं ने दिया स्वच्छता व जल संरक्षण का संदेश
चित्रकला प्रतियोगिता में रिया प्रथम, रुपाली द्वितीय और नन्दिनी तृतीय रहीं; विजेताओं को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

मुजफ्फरनगर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नगर क्षेत्र मुजफ्फरनगर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम जिलाधिकारी/अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी तथा जिला गंगा समिति के निर्देशन एवं सचिव/प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जिला गंगा समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने वर्ष 2026 की थीम “स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कराई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता और स्वच्छ भारत से संबंधित आकर्षक चित्र बनाए।

प्रतियोगिता में रिया ने प्रथम, रुपाली ने द्वितीय तथा नन्दिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली अन्य सभी छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजीव कुमार ने स्वच्छ पाठशाला के अंतर्गत छात्राओं से स्वच्छता एवं जल संरक्षण/जल संचयन विषय पर संवाद किया। उन्होंने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा जल की प्रत्येक बूंद को बचाने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। छात्राओं ने भी स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर अपने विचार साझा किए।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा रिया ने विद्यालय की सभी छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। छात्राओं ने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, जल का सदुपयोग करने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में विद्यालय की वार्डन, शिक्षिका पूनम जयंत, ममता शर्मा तथा छात्रा कनीज ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।











