
मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुर में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर
मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित

शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुर में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के कक्ष संख्या-01 में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक चेतना, सेवा भावना तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा, युवा शक्ति, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा स्नेहा ने प्रथम, सानिया ने द्वितीय तथा अंकित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बीए तृतीय सेमेस्टर के अभिषेक एवं बीए पंचम सेमेस्टर के अभय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
भाषण प्रतियोगिता का संयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतरेश रानी ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस कार्यक्रम का संचालन करते हुए कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द कुमार ने एनएसएस के विभिन्न कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग के लिए नितिन कुमार सहित महाविद्यालय के सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर आदित्य कुमार ने किया। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर आशु प्रजापति भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अंत में विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में ‘सेवा से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण’ का संदेश दिया गया।











