
नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकारी योजनाओं का किया प्रचार-प्रसार बुढ़ाना। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संस्कृति विभाग
नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकारी योजनाओं का किया प्रचार-प्रसार

बुढ़ाना। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से खाद्य एवं रसद विभाग की विभिन्न कल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के साथ सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। अभियान के तहत 22 सितंबर को दयानंद चौक तथा 23 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्कृति विभाग के कलाकार श्री अंकित कुमार के नेतृत्व में कलाकारों की टोली ने सेवा सेतु अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कलाकारों ने योजनाओं के उद्देश्य और पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान देशहित में किए गए कार्यों और सैन्य अभियानों को भी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया। इसमें सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कलाकारों ने देश की सुरक्षा और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। कलाकारों ने संवाद, अभिनय और गीतों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा उनके प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति और अभियान की सराहना की।
बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार के कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।











