बड़ौत फ्लाईओवर की सड़क में जगह-जगह गड्ढे, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल। नगरवासियों ने घटिया निर्माण की मुख्यमंत्री से पत्र भेजकर की शिकायत।

बड़ौत फ्लाईओवर की सड़क में जगह-जगह गड्ढे, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल।


बड़ौत। नगर के मुजफ्फरनगर मार्ग पर रेलवे लाइन के ऊपर हाल ही में शुरू किए गए फ्लाईओवर की सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने से नगरवासियों में रोष है। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
बड़ौत निवासी कुलबीर सिंह, यशवीर सिंह, सुनील तोमर, तेजपाल सिंह और मोबीन तोमर ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि मुजफ्फरनगर मार्ग पर रेलवे लाइन के ऊपर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया था। कुछ दिनों पूर्व ही इस फ्लाईओवर पर यातायात शुरू किया गया है, लेकिन यातायात शुरू होने के कुछ समय बाद ही सड़क पर कई स्थानों पर मिट्टी धंसने से गहरे गड्ढे बन गए हैं।


नगरवासियों का आरोप है कि गड्ढों को स्थायी रूप से ठीक कराने के बजाय उन्हें भरने के लिए कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली में कच्ची मिट्टी और बालू लेकर पहुंच रहे हैं। इसके बाद गड्ढों में मिट्टी व बालू डालकर उन्हें बंद किया जा रहा है। उनका कहना है कि वाहनों के लगातार आवागमन के कारण कच्ची मिट्टी और बालू उड़कर आसपास स्थित मकानों में पहुंच रही है।


स्थानीय लोगों के अनुसार फ्लाईओवर के आसपास रहने वाले परिवारों को धूल के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि घरों में रहने वाले बुजुर्ग पहले से ही दमा और खांसी जैसी समस्याओं से परेशान हैं। सड़क से उड़कर आने वाली धूल के कारण उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।


नगरवासियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि फ्लाईओवर के निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की किसी उच्च अधिकारी से जांच कराई जाए। साथ ही सड़क में जगह-जगह बने गड्ढों को कच्ची मिट्टी के बजाय पक्के एवं गुणवत्तापूर्ण मटेरियल से भरवाकर सड़क को सुरक्षित कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कंपनी के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles