प्रदेश स्तरीय जूनियर कबड्डी में मुजफ्फरनगर की टीम ने जीता खिताब फाइनल में शामली को आठ अंकों से हराकर ट्रॉफी पर किया कब्जा, नए उभरते हुए खिलाड़ियों का विशेष ध्यान रखेगा कबड्डी संघ–विकास सिंह,

प्रदेश स्तरीय जूनियर कबड्डी में मुजफ्फरनगर की टीम ने जीता खिताब
फाइनल में शामली को आठ अंकों से हराकर ट्रॉफी पर किया कब्जा


शाहपुर। शामली जनपद के बन्तीखेड़ा स्थित संस्कृति स्कूल में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर जनपद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम ने लीग मुकाबलों से लेकर फाइनल तक लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
जिला ओलंपिक संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर की टीम को पूल-ए में शामिल किया गया था। टीम ने लीग चरण के सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपने पूल में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला मथुरा की टीम से हुआ। इस मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम ने 36 अंक हासिल किए और मथुरा को आठ अंकों के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम का सामना बस्ती जनपद की टीम से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। मुजफ्फरनगर की टीम ने 31 अंक हासिल किए, जबकि बस्ती की टीम 26 अंक ही बना सकी। इस तरह मुजफ्फरनगर ने पांच अंकों से मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला मेजबान शामली जनपद की टीम के साथ हुआ। मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने शुरू से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने कुल 41 अंक हासिल करते हुए शामली की टीम को आठ अंकों से पराजित कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

प्रतियोगिता में विजेता रही मुजफ्फरनगर टीम को उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास सिंह, महासचिव बिजेन्द्र प्रताप सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पदमवीर सिंह ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि कबड्डी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण और छोटे शहरों से निकलने वाले खिलाड़ियों में भी आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है। ऐसे उभरते हुए खिलाड़ियों को बिना किसी भेदभाव के अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने से प्रदेश में कबड्डी के खेल को और मजबूती मिलेगी।
भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत तथा प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने भी कबड्डी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
जनपद की टीम के प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर जिला ओलंपिक संघ के चेयरमैन अशोक बालियान, सत्येंद्र प्रधान, कबड्डी कोच नरेंद्र सिंह, बालेंद्र खलीफा, सुनील कुमार, विपिन बालियान, शमशाद अली, धर्मेंद्र सिंह बसेड़ा, नीरज बालियान, करणवीर सिंह, सुधीर चौधरी आदि ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया।

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles