
सुभाष हत्याकांड में नामजद आरोपी बन्टी उर्फ राहुल गिरफ्तार प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों में चल रही रंजिश बनी हत्या की वजह, पिन्ना के पास दिनदहाड़े मारी गई थी गोली; पुलिस ने फ्लाईओवर के पास से दबोचा
सुभाष हत्याकांड में नामजद आरोपी बन्टी उर्फ राहुल गिरफ्तार
प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों में चल रही रंजिश बनी हत्या की वजह, पिन्ना के पास दिनदहाड़े मारी गई थी गोली; पुलिस ने फ्लाईओवर के पास से दबोचा

शाहपुर/मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में शामली रोड स्थित ग्राम पिन्ना के पास दिनदहाड़े गोली मारकर की गई ग्राम किनौनी निवासी सुभाष पुत्र रणवीर की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बन्टी उर्फ राहुल पुत्र उधल उर्फ उदयवीर, निवासी ग्राम किनौनी, थाना शाहपुर, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। मामले में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को सुबह करीब 10:15 बजे थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि शामली रोड पर ग्राम पिन्ना के पास किनौनी निवासी करीब 50 वर्षीय सुभाष को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुभाष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना किया। एसएसपी ने अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। वारदात के सफल अनावरण के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 191(2), 191(3), 109(1), 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। गठित पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए बुधवार 16 सितंबर को बन्टी उर्फ राहुल को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही थी पारिवारिक रंजिश
पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे ग्राम किनौनी के एक युवक और युवती के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों के बीच बनी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पूर्व दोनों एक ही जाति से संबंधित युवक-युवती प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि युवक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि इसी घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी।
पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते 15 सितंबर को युवती पक्ष द्वारा युवक के पिता सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
अंतिम संस्कार के दौरान गांव में तैनात रही पुलिस
सुभाष की मौत के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने पर देर शाम शव गांव किनौनी पहुंचा था। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। गमगीन माहौल में सुभाष का अंतिम संस्कार किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस की टीमें अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार और कांस्टेबल विद्याराम शामिल रहे।











