
17 सितंबर की भाकियू महापंचायत को लेकर किसानों ने कसी कमर बसधाड़ा में हुई बैठक, जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने अधिक से अधिक किसानों से मुजफ्फरनगर पहुंचने का किया आह्वान
17 सितंबर की भाकियू महापंचायत को लेकर किसानों ने कसी कमर
बसधाड़ा में हुई बैठक, जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने अधिक से अधिक किसानों से मुजफ्फरनगर पहुंचने का किया आह्वान

शाहपुर। आगामी 17 सितंबर को राजकीय इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर के मैदान में प्रस्तावित भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत को लेकर शाहपुर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। महापंचायत की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए क्षेत्र के गांव बसधाड़ा में मेहताब के आवास पर भाकियू कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू के जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने कार्यकर्ताओं से महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
नवीन राठी ने कहा कि किसानों की विभिन्न समस्याओं और उनके हक की आवाज को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से 17 सितंबर को महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांवों में किसानों से संपर्क कर उन्हें महापंचायत के संबंध में जानकारी दें तथा अधिक से अधिक संख्या में किसानों को मुजफ्फरनगर पहुंचाने की तैयारी करें। उन्होंने किसानों से ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य साधनों से महापंचायत में पहुंचने की अपील की।

भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र बालियान ने कहा कि सभी ग्राम अध्यक्ष अपने-अपने गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को लेकर महापंचायत में पहुंचे। उन्होंने ग्राम अध्यक्षों से डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर किसानों को पंचायत में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान अनेक किसानों ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता भी ग्रहण की और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन के आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। बैठक में सत्येंद्र प्रधान, विजेंद्र बालियान, मोनू प्रधान, राजू त्यागी, अफलातून, चंद्रवीर सिंह, कंवरपाल, बलराम, लीलू त्यागी, अब्दुल्ला, धन सिंह, विजेंद्र प्रधान, डॉ. लोकेंद्र बालियान, सत्येंद्र फौजी सहित सैकड़ों भाकियू कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।











