खेत में घायल मिले 22 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका हरसौली में ज्वार लेने गया था युवक, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

खेत में घायल मिले 22 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हरसौली में ज्वार लेने गया था युवक, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

oplus_2097152
oplus_2097152


शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव हरसौली में खेत से ज्वार लेने गए 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अज्ञात हमलावरों पर युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
परिजनों के अनुसार गांव हरसौली निवासी शाकिब पुत्र मुस्तकीम पांच सितंबर की शाम करीब चार बजे गांव में ही खेत से ज्वार लेने के लिए गया था। करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि शाकिब खेत में घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए मुजफ्फरनगर के अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। बाद में चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
परिजन शाकिब को दिल्ली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस मुजफ्फरनगर ले आए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मुजफ्फरनगर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता मुस्तकीम, भाई राकिब और दादी कोलकाता में रिश्तेदारी में गए हुए थे, जो सूचना मिलने के बाद सोमवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि शाकिब के सिर और छाती पर नुकीले हथियार से वार किए गए थे। उन्होंने अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक तीन भाइयों में मझला था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं है और मृतक सहित उसके पिता व अन्य परिजन मजदूरी करते हैं। पोस्टमार्टम के बाद शाकिब का शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर एकत्र हो गए। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles