बैंक में चोरी के प्रयास और 9 कुंतल बिजली का तार चोरी का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, छह गिरफ्तार

बैंक में चोरी के प्रयास और 9 कुंतल बिजली का तार चोरी का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, छह गिरफ्तार

शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने बैंक में चोरी के प्रयास तथा विद्युत तार चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए छह अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब नौ कुंतल 33 केवी विद्युत तार, एक छोटा हाथी वाहन, अवैध तमंचे, कारतूस तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को ग्राम हरसौली स्थित बैंक शाखा में अज्ञात चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाकर कैश सेफ को हथौड़े और अन्य औजारों से तोड़ने का प्रयास किया था। इस संबंध में थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 24 जुलाई को केवी पुरा-काकड़ा लाइन से 33 केवी विद्युत तार चोरी होने की घटना भी दर्ज हुई थी। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
गुरुवार देर रात थाना शाहपुर पुलिस दिनकरपुर-काकड़ा मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिनकरपुर की ओर से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर करौंदी मार्ग की ओर भाग निकला। पीछा करने पर कुछ दूरी पर वाहन रुक गया और उसमें सवार छह बदमाश पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए ईख के खेत में घुस गए। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अरविंद पुत्र प्रकाश निवासी बिराल तथा पारूल पुत्र कुंवरपाल कश्यप निवासी हरसौली घायल हो गए। वहीं मोहित, मनीष, रईस और ताज मलिक को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली नंबर का छोटा हाथी वाहन, करीब नौ कुंतल चोरी किया गया विद्युत तार, दो तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा चोरी करने के विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह तथा थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के निर्देशन में थाना शाहपुर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles