
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी आजीवन निःशुल्क बस यात्रा मुजफ्फरनगर, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी आजीवन निःशुल्क बस यात्रा
मुजफ्फरनगर, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मातृशक्ति को विशेष उपहार देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का जनपद मुजफ्फरनगर में भव्य शुभारंभ किया गया। सोल्जर बोर्ड स्थित मानेक्शा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और महिलाओं ने देखा।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं-बहनों को महत्वपूर्ण सौगात दी है। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को प्रातः छह बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे महिलाएं अपने भाइयों के घर जाकर आसानी से राखी बांध सकेंगी और पर्व को सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मना सकेंगी। उन्होंने कहा कि 29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योजना के तहत आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा।
डा. वीरपाल निर्वाल ने योजना के संचालन के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने इसे लोक कल्याण संकल्प पत्र-2022 के सशक्त नारी संकल्प को नई दिशा देने वाला कदम बताया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी ने मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अतिथियों को रक्षासूत्र बांधकर समूह द्वारा निर्मित राखी गिफ्ट हैम्पर भेंट किए। महिला जनप्रतिनिधियों ने भी अतिथियों को रक्षासूत्र बांधकर शुभकामनाएं दीं तथा उपस्थित लोगों को मिठाई और उपहार वितरित किए।

इस अवसर पर सुप्रिया पाल, बबीता राठी, कविता सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. राजीव कुमार ने किया। मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कण्डारकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम केएन पाण्डेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।











