शाहपुर नगर पंचायत परिसर में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, विधायक राजपाल बालियान ने फहराया तिरंगा

शाहपुर नगर पंचायत परिसर में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, विधायक राजपाल बालियान ने फहराया तिरंगा


शाहपुर। नगर पंचायत शाहपुर परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का पर्व देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल विधानमंडल दल के नेता एवं क्षेत्रीय विधायक राजपाल बालियान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। नगर पंचायत परिसर में आयोजित समारोह में विधायक ने समस्त सभासदों, नगर पंचायत कर्मचारियों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराए जाने के बाद सभी ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके संघर्ष के कारण आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।


समारोह के दौरान नगर पंचायत परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देशभक्ति गीतों की धुन से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं।
विधायक राजपाल बालियान ने नगर पंचायत के सभासदों एवं कर्मचारियों से नगर के विकास कार्यों को और गति देने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकास और जनसेवा के कार्यों में सभी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस दौरान नगर पंचायत के समस्त सभासद, कर्मचारीगण तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की प्रगति, समृद्धि एवं एकता के लिए संकल्प लिया।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles