स्ट्रीट लाइट का खंभा टूटा, आधी रात होने के कारण टली बड़ी दुर्घटना; डिवाइडरों पर रेडियम पेंट और रंबल स्ट्रिप लगाने की मांग शाहपुर। कस्बे के चौधरी चरण सिंह चौराहे पर गत रात्रि मुजफ्फरनगर से दिल्ली जा रहा कागज से भरा
चौधरी चरण सिंह चौराहे पर डिवाइडर से टकराकर लटका आयशर कैंटर, लाखों का नुकसान
स्ट्रीट लाइट का खंभा टूटा, आधी रात होने के कारण टली बड़ी दुर्घटना; डिवाइडरों पर रेडियम पेंट और रंबल स्ट्रिप लगाने की मांग

शाहपुर। कस्बे के चौधरी चरण सिंह चौराहे पर गत रात्रि मुजफ्फरनगर से दिल्ली जा रहा कागज से भरा एक आयशर कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में कैंटर को लाखों रुपये का नुकसान हुआ, जबकि डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइट का खंभा भी टूट गया। कैंटर डिवाइडर पर चढ़कर लटक गया। गनीमत रही कि हादसा आधी रात के समय हुआ, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई।स्ट्रीट लाइट व कैमरा तोड़ने का नगर पंचायत ने वसूला जुर्माना।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर स्थित मिल से कागज लेकर आयशर कैंटर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। कैंटर चालक उमेश ने बताया कि जब वह शाहपुर के चौधरी चरण सिंह चौराहे पर पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रोशनी आंखों पर पड़ने के कारण वाहन असंतुलित हो गया और सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्ट्रीट लाइट का खंभा टूट गया और कैंटर डिवाइडर पर ही लटककर रह गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौधरी चरण सिंह चौराहा दिन के समय काफी व्यस्त रहता है। यदि यह हादसा दिन में होता तो किसी बड़े जानलेवा हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था। कस्बे में छोटे डिवाइडरों के कारण पहले भी कई बार ट्रक और अन्य वाहन उनसे टकराकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पिछले दिनों राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के सामने भी एक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया था, जिसमें वाहन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ था।
कस्बावासियों का कहना है कि डिवाइडरों की पहचान दूर से नहीं हो पाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस संबंध में नगर पंचायत प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से कई बार मीडिया के माध्यम से तथा पत्र भेजकर मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कस्बावासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि डिवाइडरों के शुरुआती और प्रमुख प्वाइंटों पर लाल रंग का रेडियम पेंट कराया जाए, ताकि वाहनों की लाइट पड़ते ही डिवाइडर दूर से चमकने लगें। इसके साथ ही डिवाइडर शुरू होने से पहले सड़क पर रंबल स्ट्रिप (अवरोध पट्टियां) लगवाई जाएं, जिससे वाहन चालकों को पहले ही सतर्क किया जा सके। लोगों ने कहा कि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।











