
एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश के साथ मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर किया नमन, युवाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एकता व नशामुक्त भारत की दिलाई शपथ मुजफ्फरनगर। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश के साथ मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर किया नमन, युवाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एकता व नशामुक्त भारत की दिलाई शपथ
मुजफ्फरनगर। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम
उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश देते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्त युवा भारत का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव एवं डॉ. राजीव कुमार द्वारा माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस दौरान प्रभारी क्रीड़ाधिकारी ने उपस्थित खेल प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन त्याग, समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। हम सभी को उनके आदर्शों पर चलते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सशक्त भारत और समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के बैनर का विमोचन भी किया गया। इसमें डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विविधता में एकता की झलक प्रदर्शित की गई।
इसके उपरांत खिलाड़ियों के बीच कबड्डी का मैत्रीपूर्ण मुकाबला कराया गया। खेल गतिविधियों में युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। समापन पर प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने खिलाड़ियों को खेल किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला खेल कार्यालय का समस्त स्टाफ, खेल प्रशिक्षक एवं जनपद के अनेक खिलाड़ी उपस्थित रहे।











