डीजे की धुन पर तिरंगा लेकर निकली शाहपुर पुलिस की प्रभात फेरी। देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक का धर्म–थाना प्रभारी गजेन्द्र
डीजे की धुन पर तिरंगा लेकर निकली शाहपुर पुलिस की प्रभात फेरी।
देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक का धर्म–थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह


शाहपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को शाहपुर में पुलिसकर्मियों का देशभक्ति से ओत-प्रोत अनोखा अंदाज देखने को मिला। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में शाहपुर थाना एवं क्षेत्र की विभिन्न पुलिस चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर कस्बे के विभिन्न मार्गों पर प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान डीजे पर देशभक्ति गीत गूंजते रहे और पुलिसकर्मी भारत माता की जय के उद्घोष के साथ आजादी का जश्न मनाते नजर आए।
प्रभात फेरी शाहपुर थाने से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस थाना परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। पुलिसकर्मी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति गीतों की धुन पर उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह लोगों ने पुलिसकर्मियों की इस पहल को देखा और उनके उत्साह की सराहना की। प्रभात फेरी के दौरान कस्बे में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शाहपुर कस्बा पुलिस चौकी को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। थाना परिसर में पुलिसकर्मी और अधिकारी डीजे की धुनों पर आजादी के जश्न में रंगे दिखाई दिए। देशभक्ति गीतों पर पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने का अवसर है। देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस का दायित्व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
पुलिसकर्मियों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। स्वतंत्रता दिवस पर शाहपुर पुलिस का यह देशभक्ति से भरा आयोजन पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बना रहा।














