शाहपुर में पीडीए संवाद पंचायत, सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना शाहपुर। कस्बे के कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पीडीए संवाद
शाहपुर में पीडीए संवाद पंचायत, सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

शाहपुर। कस्बे के कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पीडीए संवाद पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम आयोजक समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भ्रमण कर लोगों से संवाद किया। इस दौरान सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ कार्यकर्ताओं ने भ्रमण करते हुए पार्टी की नीतियों और पीडीए के संदेश से लोगों को अवगत कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। सपा किसान, मजदूर, व्यापारी, महिलाओं, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों को न्याय दिलाने के साथ किसानों के गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए कई वादे पूरे नहीं किए। किसानों की आय दोगुनी करने और युवाओं को रोजगार देने के दावे भी धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान और आम जनता प्रभावित हैं।

डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए की ताकत ने राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित किया और अब संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के माध्यम से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखते हुए गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करने का आह्वान किया।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए किसानों के कर्ज माफी और चुंगी समाप्त किए जाने को सपा सरकार के कार्यों के रूप में गिनाया। साथ ही भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया तथा कानून व्यवस्था और आरक्षण को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि जनपद में सामाजिक न्याय और भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने पार्टी के सभी टिकट दावेदारों और कार्यकर्ताओं से एक-दूसरे के कार्यक्रमों में सहयोग कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
आयोजक डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम जनता परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों एवं पीडीए के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन रामपाल सिंह पाल और अनेश निर्वाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी, मौलाना नजर मोहम्मद, गोल्डी अहलावत, निशांत मलिक, साजिद हसन, रविंद्र प्रधान, अनीता कश्यप, ओमपाल सिंह चेयरमैन सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।











