
शाहपुर: बरवाला गेट पर निशुल्क कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, 11 अगस्त तक चलेगा भंडारा
शाहपुर: बरवाला गेट पर निशुल्क कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, 11 अगस्त तक चलेगा भंडारा

शाहपुर। मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग स्थित गांव बरवाला गेट के समीप ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित निशुल्क कांवड़ सेवा शिविर का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन इंद्रवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सर्वप्रथम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहुति देकर भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है। इसी भावना के साथ बरवाला के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से लगातार निशुल्क कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन करते आ रहे हैं। शिविर का उद्देश्य हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना है।

शिविर में कांवड़ियों के लिए चाय, नाश्ता, शुद्ध भोजन, पीने के पानी, विश्राम तथा रात्रि ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। शिविर में सेवा कार्यों के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वयंसेवक दिन-रात जुटे हुए हैं। आयोजकों ने बताया कि शिवभक्तों की सुविधा को देखते हुए शिविर में 11 अगस्त तक लगातार भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था रहेगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा कार्य में सहयोग देने का संकल्प लिया तथा शिवभक्तों की सेवा को सबसे बड़ा पुण्य कार्य बताया। पूरे वातावरण में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर नकुल, राज सिंह, मनोज प्रधान, राहुल, मुनींद्र सिंह, शिवी रघुवंशी, शिवकरण, उदय मनु, जयवीर सिंह, नीटू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शिविर के सफल संचालन में अपना सहयोग देने का भरोसा जताया।











