
बेरोजगारी दूर करने के लिए समाजवादी सरकार बनाएंगे: डॉ. सत्येंद्र पाल
बेरोजगारी दूर करने के लिए समाजवादी सरकार बनाएंगे: डॉ. सत्येंद्र पाल

शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के कस्बा सिसौली में समाजवादी पार्टी के पीडीए पखवाड़ा के अंतर्गत एक जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मोहम्मद मोइन सिद्दीकी द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुढ़ाना विधानसभा से संभावित दावेदार डॉ. सत्येंद्र पाल ने शिरकत की। सभा में बड़ी संख्या में युवाओं, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी और इसकी शुरुआत किसान आंदोलन की धरती सिसौली से होगी।
उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक एवं अन्य सभी वर्गों के सहयोग से समाजवादी पार्टी प्रदेश में नई सरकार बनाएगी, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और बेरोजगारी कम होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से समाजवादी पार्टी के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने की अपील भी की।

सभा में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र प्रधान जोगी ने भी डॉ. सत्येंद्र पाल के समर्थन में लोगों से अपील की और पार्टी की नीतियों को जनहितकारी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अकरम खान ने की। इस अवसर पर हुसैन आलम, जालुद्दीन, आसिफ सिद्दीकी, रिजवान मलिक, रियासत अली, असलम खान, मीरा, गुलाब अहमद, नाजिम मलिक, हसीन कुरैशी, कादिर अली, आबिद अली, नईम, आदिल अली, गुलजार, इरफान, किशोरी जाटव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











