शाहपुर में 18 हजार रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का वीडियो वायरल, सभासद और सर्राफा व्यापारी आमने-सामने
शाहपुर में 18 हजार रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का वीडियो वायरल, सभासद और सर्राफा व्यापारी आमने-सामने

शाहपुर। कस्बे के एक सर्राफा व्यापारी द्वारा नगर पंचायत की कार्रवाई न कराने के नाम पर सभासद को 18 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में व्यापारी पक्ष और सभासद के बीच कहासुनी भी दिखाई दे रही है। हालांकि दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे किए हैं और बाद में स्थानीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी में समझौता भी हो गया।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मुख्य बाजार स्थित विपुल ज्वेलर्स के संचालक सुदेश वर्मा की दुकान का कुछ हिस्सा नाले के ऊपर बना हुआ है। इन दिनों भारी बारिश के बाद बाजार में जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा नालों की सफाई कराई जा रही है। इसी दौरान गुरुवार को व्यापारी के पुत्र विपुल वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह आरोप लगाते हुए कह रहा है कि दुकान पर कार्रवाई न होने देने के लिए सभासद मनोज सैनी को 18 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
वायरल वीडियो में मुख्य बाजार में व्यापारी और सभासद के बीच तीखी नोकझोंक भी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और लोग पूरे मामले को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दूसरी ओर सभासद मनोज सैनी ने लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि व्यापारी ने स्वयं उनसे अनुरोध किया था कि नाले की सफाई के दौरान उसकी दुकान को कोई नुकसान न पहुंचे। इस पर उन्होंने सफाई कर्मचारियों से सावधानी बरतने के लिए कहा। सभासद के अनुसार सफाई कर्मियों ने व्यापारी से कुछ रुपये देने की बात कही, लेकिन व्यापारी के पास नकद धनराशि नहीं थी। इसके बाद व्यापारी ने उनके पुत्र के खाते में 18 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे, जिसे उन्होंने व्यापारी के सामने ही तत्काल सफाई कर्मचारियों को दे दिया। उनका कहना है कि इसमें किसी प्रकार की अवैध वसूली या व्यक्तिगत लाभ का कोई मामला नहीं है।
शाम के समय कस्बे के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया और दोनों के बीच समझौता हो गया।
उधर नगर पंचायत चेयरमैन हाजी अकरम कुरैशी ने कस्बावासियों से अपील की है कि नगर पंचायत से संबंधित किसी भी कार्य के लिए किसी सभासद या कर्मचारी को कोई धनराशि न दें। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो इसकी तत्काल जानकारी उन्हें या नगर पंचायत प्रशासन को दें, ताकि संबंधित कर्मचारी या व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।











