सोरम में चौधरी विक्रम सिंह की रस्म तेहरवीं संपन्न, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
सोरम में चौधरी विक्रम सिंह की रस्म तेहरवीं संपन्न, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि


शाहपुर। क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव सोरम के वरिष्ठ समाजसेवी एवं चौधरी विक्रम सिंह प्रधान की रस्म तेहरवीं बुधवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर गांव, क्षेत्र तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित कुलदीप शर्मा द्वारा हवन-पूजन से हुआ। उपस्थित लोगों ने हवन में आहुति देकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद परिवार की परंपरा के अनुसार खानदान के सबसे बड़े बुजुर्ग चौधरी राजपाल सिंह ने दिवंगत चौधरी विक्रम सिंह के ज्येष्ठ पुत्र विजेंद्र सिंह को पगड़ी बांधकर परिवार की जिम्मेदारियां सौंपी। इस भावुक क्षण पर मौजूद लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया।
गौरतलब है कि गांव सोरम निवासी समाजसेवी बादल चौधरी के ताऊजी एवं कपिल बालियान के बाबा, चौधरी विक्रम सिंह प्रधान का 10 जुलाई को निधन हो गया था। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। क्षेत्र में वे अपनी सादगी, समाजसेवा और स्पष्ट वचनबद्धता के लिए विशेष पहचान रखते थे।

रस्म तेहरवीं के दौरान सोरम के वरिष्ठ बुजुर्ग नेता चौधरी राजपाल सिंह तथा सत्यवीर सेक्रेटरी ने अपने संबोधन में दिवंगत विक्रम सिंह प्रधान के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी विक्रम सिंह की जुबान पत्थर की लकीर मानी जाती थी। उन्होंने जीवन में जिस व्यक्ति से जो वादा किया, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया। यही कारण था कि गांव और क्षेत्र में उन्हें अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था। समाज सेवा के हर कार्य में वे अग्रणी भूमिका निभाते थे और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे।


इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह द्वारा भेजा गया शोक संदेश भी उपस्थित लोगों को पढ़कर सुनाया गया। संदेश में दिवंगत चौधरी विक्रम सिंह के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया गया तथा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।

रस्म तेहरवीं में सर्वखाप मंत्री चौधरी सुभाष बालियान,चौधरी जयंत सिंह के बहनोई चौधरी विक्रम सिंह, रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रूद्र सेन, भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल चौधरी, सहारनपुर डीसीडीएफ चेयरमैन सुरेंद्र राणा, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के भाई प्रोफेसर विवेक बालियान, पूर्व प्रधान सुधीर चौधरी, शिवचरण सिंह, ग्राम प्रधान करणवीर सिंह, हस्तिनापुर ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, थाना भवन के पूर्व विधायक राव वारिस, शाहपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख अनुज बालियान ,पुष्पेन्द्र प्रधान,मोनू सैनी प्रधान सहित विभिन्न जनपदों से पहुंचे अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
सभी अतिथियों ने दिवंगत चौधरी विक्रम सिंह प्रधान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।












