
कसेरवा में कच्ची छत भरभराकर गिरी, दो गंभीर घायल, प्रशासन ने लिया जायजा
कसेरवा में कच्ची छत भरभराकर गिरी, दो गंभीर घायल, प्रशासन ने लिया जायजा

शाहपुर। क्षेत्र के गांव कसेरवा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक को मामूली चोट आई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 62 वर्षीय नूरहसन उर्फ भूरा अपने पुत्र जाहिद और भतीजे जावेद के साथ कमरे में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कच्ची छत की कड़ी टूट गई और पूरी छत भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे में नूरहसन और जावेद मलबे के नीचे दब गए, जबकि जाहिद को मामूली चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत के साथ लगा लोहे का गाटर भी नीचे गिरा, लेकिन सौभाग्य से वह किसी के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि नूरहसन की पत्नी नूरजहां घटना से कुछ क्षण पहले किसी कार्य से कमरे से बाहर निकल गई थीं, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे में कमरे में रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, नायब तहसीलदार अमन कुमार और लेखपाल मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि नूरहसन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और गंभीर घायलों का समुचित उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।











