हबीबपुर सीकरी हादसा: सपा नेता सत्येंद्र पाल ने मृतक परिवार से मिलकर जताई संवेदना, ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी
हबीबपुर सीकरी हादसा: सपा नेता सत्येंद्र पाल ने मृतक परिवार से मिलकर जताई संवेदना, ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर सीकरी में लगातार हुई बारिश के बीच कच्चे मकान की छत गिरने से इस्लामुद्दीन और उनके चार मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना के बाद समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल सोमवार को गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
सत्येंद्र पाल ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी रूप में संभव नहीं है। उन्होंने परिवार की स्थिति और घटना की पूरी जानकारी ली तथा आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस अवसर पर सत्येंद्र पाल ने अपनी ओर से मृतक परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल मानवीय संवेदना और सहयोग का एक छोटा-सा प्रयास है। ऐसे कठिन समय में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर पीड़ित परिवार का सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से भी आग्रह किया कि हादसे में प्रभावित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान गरीब और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, इसलिए उनके लिए विशेष सुरक्षा और राहत योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए।
इस दौरान उपस्थित अन्य समाजवादी पार्टी नेताओं ने भी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी, जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी, सपा नेता अतहर खान, धर्मेंद्र सिंह नीटू, अकरम खान, इकराम कस्सार, साहिब अंसारी, जमशेद अंसारी, नवाब इम्तियाज, शमीम सहित अनेक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।











