
लोक चित्रकला कार्यशाला ‘सृजन’ का शुभारंभ, सात दिवसीय शिविर में विद्यार्थी सीखेंगे लोक कला की बारीकियां
लोक चित्रकला कार्यशाला ‘सृजन’ का शुभारंभ, सात दिवसीय शिविर में विद्यार्थी सीखेंगे लोक कला की बारीकियां

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं जिला शैक्षणिक संग्रहालय, मुजफ्फरनगर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सात दिवसीय लोक चित्रकला कार्यशाला ‘सृजन’ का शुभारंभ किया गया। 20 जुलाई से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी लोक चित्रकला की पारंपरिक विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव एवं पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्य सुभाषचंद ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में कला-साधना मानसिक संतुलन और रचनात्मकता बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कला न केवल तनाव दूर करती है, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व को भी निखारती है। उन्होंने इस कार्यशाला को जनपद के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए अधिक से अधिक छात्रों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य सुभाषचंद ने अपने संबोधन में कहा कि जिला शैक्षणिक संग्रहालय लंबे समय से सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का सफल आयोजन करता आ रहा है। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित कर जिले की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे युवा अपनी कला और संस्कृति से जुड़ सकें।
जिला शैक्षणिक संग्रहालय प्रभारी ममता रानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विविध लोक कलाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का देश है। ग्रामीण परिवेश में विकसित लोक चित्रकलाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से बच्चों को अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराया जाएगा तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पुस्तकालय प्रभारी डॉ. रणवीर सिंह एवं डॉ. राजीव कुमार ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए इस प्रशिक्षण शिविर की सफलता की कामना की। कार्यशाला में डीएवी इंटर कॉलेज के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ कलाकार प्रवीण कुमार सैनी विद्यार्थियों को विभिन्न लोक चित्रकलाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। कला क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव का लाभ प्रतिभागी विद्यार्थियों को मिलेगा।
इस अवसर पर अनिल कुमार, पूनम रानी, रणवीर सिंह, डॉ. राजीव कुमार, पुनीत राठी, सागर कल्याण, प्रशांत सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोक कला के प्रति रुचि जागृत करना तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता विकसित करना है।











