शाहपुर में बंद नाले को लेकर व्यापारियों का हंगामा, मंगलवार तक नाला न खुला तो आंदोलन की चेतावनी

शाहपुर में बंद नाले को लेकर व्यापारियों का हंगामा, मंगलवार तक नाला न खुला तो आंदोलन की चेतावनी


शाहपुर। कस्बे के मुख्य बाजार में जलभराव की समस्या को लेकर सोमवार को व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। नगर पंचायत द्वारा मेन रोड से मोहल्ला कस्सावान जाने वाले पुराने नाले को बंद किए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के इस निर्णय से मुख्य बाजार में जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाएगी, जिससे भविष्य में लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक उमेश मलिक भी नगर पंचायत पहुंचे और व्यापारियों के साथ अधिशासी अधिकारी (ईओ) से वार्ता कर समस्या के समाधान की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि करीब दस दिन पहले हुई भारी बारिश के दौरान मुख्य बाजार में भीषण जलभराव हो गया था, जिससे कई दुकानों में पानी घुस गया और लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। उनका कहना है कि दशकों से मुख्य बाजार का वर्षा का पानी मेन रोड से होकर मोहल्ला कस्सावान स्थित नाले के माध्यम से निकलता रहा है, लेकिन हाल ही में नगर पंचायत ने इस नाले पर अवरोध लगाकर पानी की निकासी बंद कर दी और उसे मेन रोड के नाले से जोड़ दिया।
व्यापारियों का आरोप है कि इस बदलाव से मुख्य बाजार में जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होगी और आगामी बारिश में पहले से अधिक जलभराव होने की आशंका है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल बंद नाले को दोबारा खोलने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
हंगामे की सूचना पर पूर्व विधायक उमेश मलिक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पहले व्यापारियों से पूरी समस्या सुनी और फिर मौके पर जाकर बंद किए गए नाले का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन से वार्ता कर तत्काल नाले को खुलवाने तथा बाजार की जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
ईओ आलोक रंजन ने व्यापारियों और पूर्व विधायक को आश्वस्त किया कि बन्द किये नाले के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।मैन बाजार की जलनिकासी के लिए सभी उचित प्रबंध किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अमित कुमार के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण किया है। उनके अनुसार मुख्य बाजार का पानी आज भी उसी पुराने मार्ग से निकल रहा है, जबकि बंद किए गए नाले से मेन रोड का पानी बहता था। उस पानी को अब मेन रोड पर निर्मित नए नाले में मोड़ दिया गया है, ताकि पुराने नाले पर पानी का दबाव कम हो सके और जल निकासी अधिक व्यवस्थित ढंग से हो।
हालांकि व्यापारी नगर पंचायत के इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मंगलवार सुबह 11 बजे तक बंद किए गए नाले को नहीं खोला गया तो सभी व्यापारी एकजुट होकर नगर पंचायत के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी, नामित सभासद अभिषेक चोधरी, कपिल सैनी, सभासद मनोज सैनी, सुनील मित्तल, ललित जैन, उमेश मित्तल, अरविंद पाल, नरेंद्र गर्ग, बंटी सिंघल, वैभव गोयल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम को लेकर बाजार में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles