गांव की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निकाली गई दूध की धार, आज होगा हवन-यज्ञ व भंडारा

गांव की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निकाली गई दूध की धार, आज होगा हवन-यज्ञ व भंडारा


शाहपुर। क्षेत्र के गांव किनौनी में गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना को लेकर शनिवार शाम परंपरागत रूप से पूरे गांव की परिक्रमा करते हुए दूध की धार छोड़ी गई। यह धार्मिक परंपरा गांव के प्राचीन भूमिया खेड़ा मंदिर से प्रारंभ होकर पूरे गांव की परिधि का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान ग्रामीणों में श्रद्धा और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि आषाढ़ माह में गांव के चारों ओर दूध की धार छोड़ने की यह परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। मान्यता है कि इस धार्मिक अनुष्ठान से गांव में सुख-शांति बनी रहती है, प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा होती है तथा समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। इसी आस्था के साथ प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में ग्रामीण इस आयोजन में भाग लेते हैं।
दूध की धार के आयोजन में गांव के युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और पूरे मार्ग में व्यवस्था संभालते हुए धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। रविवार प्रातः भूमिया खेड़ा मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण गांव की उन्नति, शांति और खुशहाली के लिए आहुति देंगे। हवन-यज्ञ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इस अवसर पर विपिन कुमार, प्रेम सिंह, सोनू कुमार, सागर, आर्यन, दीपांशु, जितेश सहित दर्जनों युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। ग्रामीणों ने सभी से हवन-यज्ञ एवं भंडारे में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles