
किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित, ग्रामीण विकास के संकल्प को किया याद
किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित, ग्रामीण विकास के संकल्प को किया याद

शाहपुर। किसानों के कल्याण, उत्थान एवं स्वाभिमान तथा ग्रामीण भारत के विकास के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके विचारों एवं किसान हित में किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के सभाकक्ष में किया गया, जहां उपस्थित वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के जीवन संघर्ष, किसानों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा ग्रामीण भारत के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीण समाज की आवाज को बुलंद किया तथा देश की आर्थिक मजबूती का आधार गांव और कृषि को माना।
इस अवसर पर उनके प्रसिद्ध कथन “देश की समृद्धि का रास्ता गाँव के खेतों एवं खलिहानों से होकर गुजरता है” को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज भी उनके विचार पूरी तरह प्रासंगिक हैं और किसानों के सम्मान तथा ग्रामीण विकास के लिए प्रेरणा देते हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया दी गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल कैलाशपुर के प्रबंधक अंकित चौधरी, मेरा वजूद फाउंडेशन के कार्यकारिणी सदस्य आदित्य दहिया, अजित सिंह, सचिन कुमार एवं सतीश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलकर किसानों एवं ग्रामीण समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सम्मान एवं प्रेरणा से ओतप्रोत दिखाई दिया।











