
भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शाहपुर में श्रद्धांजलि, विधायक समेत गणमान्य लोगों ने किया माल्यार्पण
भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शाहपुर में श्रद्धांजलि, विधायक समेत गणमान्य लोगों ने किया माल्यार्पण


शाहपुर। कस्बे में किसान मसीहा, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके द्वारा किसानों और ग्रामीण भारत के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
रालोद विधानमंडल दल के नेता एवं क्षेत्रीय विधायक राजपाल सिंह बालियान ने शाहपुर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक राजनेता ही नहीं बल्कि एक महान विचारक, चिंतक और किसानों के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसान, मजदूर और ग्रामीण वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का मानना था कि यदि गांव समृद्ध और खुशहाल होंगे तभी देश मजबूत और विकसित बन सकेगा। इसी सोच के साथ उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की मजबूती के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए। विधायक ने कहा कि आज भी उनके विचार और सिद्धांत देश के करोड़ों किसानों को प्रेरणा देते हैं।
इस दौरान रालोद नगर अध्यक्ष एवं सभासद मनोज सैनी, आसिफ सलमानी, मोहसिन रंगरेज, अब्दुल कलाम अंसारी, आदिल खान, नामित सभासद अभिषेक चौधरी, गांव सोरम के प्रधान करणवीर सिंह, समाजसेवी लोकेंद्र बालियान, सीटू बालियान सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल ने अपने कैंप कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं के साथ चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया तथा उनका संपूर्ण जीवन ग्रामीण भारत के विकास को समर्पित रहा। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
इसके अतिरिक्त जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी, समाजसेवी डॉ. प्रदीप चौहान, नामित सभासद कपिल सैनी, सावंत नामदेव तथा नामदेव समाज के अध्यक्ष सोनू नामदेव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूरे कस्बे में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने चौधरी चरण सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।











