प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने पर अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने पर अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

शाहपुर। क्षेत्र के गांव सोरम में अखिल भारतीय प्रधान संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक ग्राम प्रधान करणवीर सिंह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अशोक राठी ने की। बैठक में क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधानों ने भाग लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानों का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद उन्हें छह माह के लिए प्रशासक नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक राठी ने कहा कि यह निर्णय अखिल भारतीय प्रधान संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लगातार प्रदेशभर के प्रधानों को एकजुट कर सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाने का कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश सरकार ने प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने का ऐतिहासिक फैसला लिया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से गांवों में विकास कार्यों की गति बनी रहेगी तथा पंचायतों के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।
अशोक राठी ने कहा कि प्रधान सीधे जनता से जुड़े होते हैं और ग्रामीण समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। यदि प्रधानों के स्थान पर सरकारी अधिकारियों को प्रशासक नियुक्त किया जाता तो गांवों के विकास कार्यों की गति प्रभावित होती। उन्होंने मुख्यमंत्री के फैसले को ग्रामीण हित में लिया गया दूरदर्शी निर्णय बताया। इस दौरान उन्होंने कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी सहित भाजपा और राष्ट्रीय लोक दल के सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और रालोद के संयुक्त प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी प्रधान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। प्रधानों ने मुख्यमंत्री के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को निरंतरता मिलेगी और जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बैठक के आयोजक ग्राम प्रधान करणवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बार-बार धन्यवाद करते हुए उन्हें लोकतंत्र का सच्चा प्रहरी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रधानों पर विश्वास जताकर ग्रामीण व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पहले की तरह गांवों में विकास कार्य तेजी के साथ जारी रहेंगे और अधूरे पड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
जिला ओलंपिक संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने भी प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रधान गांव और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं। प्रधान सीधे ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़े रहते हैं और उनके सुख-दुख को समझते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने से गांवों के विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे तथा लोगों के कार्य आसानी से होते रहेंगे। मास्टर रामपाल सिंह ने कहा कि यदि सरकारी कर्मचारियों को प्रशासक नियुक्त किया जाता तो विकास कार्यों में देरी होती और आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी भारी परेशानी उठानी पड़ती। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को जनहित और ग्रामीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में उपस्थित सभी प्रधानों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस फैसले से पंचायत व्यवस्था मजबूत होगी तथा गांवों में विकास की गति बनी रहेगी। प्रधानों ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पानी, सफाई और अन्य विकास कार्य पहले की तरह निरंतर चलते रहेंगे।
इस अवसर पर गोयला ग्राम प्रधान धर्मपाल सिंह, पलड़ी प्रधान मोनू सैनी, कसेरवा प्रधान परवेज चौधरी, नीरज प्रधान, रसूलपुर प्रधान जसवंत सिंह,प्रभात प्रधान तथा अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं लछेड़ा प्रधान कुलदीप कुमार सहित अनेक प्रधान उपस्थित रहे। सभी ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए गांवों के विकास को नई गति देने का संकल्प लिया।











