
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के निजी सहायक हत्याकांड का आरोपी मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के निजी सहायक हत्याकांड का आरोपी मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ राय की हत्या के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को सीबीआई एवं थाना छपार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को हरिद्वार से लौटते समय छपार टोल प्लाजा से दबोचा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई स्पेशल क्राइम टीम नई दिल्ली के डिप्टी एसपी राजेश कुमार ने मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दी थी कि हत्या प्रकरण से संबंधित अभियुक्त हरिद्वार की ओर से आने वाला है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना छपार पुलिस को अलर्ट करते हुए तत्काल टीम गठित की गई तथा क्षेत्र में नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सीबीआई एवं थाना छपार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी राजकुमार सिंह पुत्र त्रिभुवन नारायण सिंह निवासी रातोंपुर, चिलकाहार जनपद बलिया को छपार टोल से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की गई। बाद में उसे ट्रांजिट रिमांड हेतु मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने आरोपी की ट्रांजिट रिमांड सीबीआई को सौंप दी।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पश्चिम बंगाल में मुकदमा अपराध संख्या 353/2026 धारा 61(1), 126(2), 103(1), 111(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग में सतर्कता और समन्वय की सराहना की जा रही है।
इस संबंध में एसएसपी मुजफ्फरनगर ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











