पुलिया से टकराई कार, एक युवक की मौत, साथी घायल
पुलिया से टकराई कार, एक युवक की मौत, साथी घायल

शाहपुर। शाहपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के बुढ़ाना मोड़ खांजापुर निवासी करीब 40 वर्षीय अमित अरोरा अपने साथी रवि, निवासी गांव पिनना, के साथ कार से शाहपुर की ओर से मुजफ्फरनगर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार किनौनी गेट से आगे पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अमित अरोरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साथी रवि का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस के अनुसार अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।











