तेज रफ्तार का कहर: बारातियों की कार और कैंटर में भीषण भिड़ंत, एक की मौत, आधा दर्जन घायल

तेज रफ्तार का कहर: बारातियों की कार और कैंटर में भीषण भिड़ंत, एक की मौत, आधा दर्जन घायल

शाहपुर। कस्बे के बुढ़ाना रोड पर गांव सोरम के गेट नंबर दो के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी कार और कैंटर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित करीब आधा दर्जन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव भसाना निवासी आरिफ पुत्र शौकीन की बारात भोपा थाना क्षेत्र के गांव तिस्सा जा रही थी। बारात में शामिल होने के लिए दूल्हे का चचेरा भाई 36 वर्षीय तराबुद्दीन अपने 10 वर्षीय पुत्र अद्दु के साथ कार में सवार था। इसके अलावा गांव के 22 वर्षीय सलमान पुत्र मेहरद्दीन, 27 वर्षीय शाकिर पुत्र महफूज, बागपत जनपद के गांव बिनोली निवासी सलमान पुत्र अलीहसन और चालक अहसान पुत्र असगर भी कार में मौजूद थे।
जब उनकी कार बुढ़ाना रोड पर सोरम गेट नंबर दो के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल तराबुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक तराबुद्दीन ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles