
परीक्षा परिणाम व पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से सम्पन्न
परीक्षा परिणाम व पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से सम्पन्न

शाहपुर। एक्सपर्ट एकेडमी, शाहपुर (मुजफ्फरनगर) में कक्षा तीसरी से आठवीं तक का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय का वातावरण उत्साह और खुशी से भर गया।
घोषित परिणामों के अनुसार कक्षा तीसरी में प्रीत, रोहिणी और अथर्व ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चौथी में अनवी, अदिति और अशवी, कक्षा पांचवीं में अवनी चौधरी, आरोही और अदिति मलिक, कक्षा छठी में कनिका, रिया और मायरा, कक्षा सातवीं में बुशरा, खुशबू और आकांक्षा तथा कक्षा आठवीं में राज, इशिका और नवया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इन सभी विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, डॉ. गौरव सैनी और डॉ. लोकेंद्र बालियान उपस्थित रहे। हालांकि चौधरी नरेश टिकैत को विद्यालय पहुंचने के तुरंत बाद आकस्मिक कार्यवश प्रस्थान करना पड़ा, लेकिन उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर डॉ. गौरव सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र कड़ी मेहनत और अनुशासन है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे निरंतर परिश्रम करते हुए अपने राष्ट्र, माता-पिता, विद्यालय और समाज का नाम रोशन करें। वहीं डॉ. लोकेंद्र बालियान ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ईश्वर से उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रार्थना की।
विद्यालय के प्रबंधक प्रवीन्द्र कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने पूरे मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। समारोह में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।











