राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में शाहपुर थाने पर भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में शाहपुर थाने पर भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

शाहपुर। उड़ीसा राज्य में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में क्षेत्र के भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। भाकियू हाईकमान के आदेश पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शाहपुर थाने पर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसान नेता की शीघ्र रिहाई की मांग की।
धरने का नेतृत्व कर रहे भाकियू के प्रदेश महासचिव सतेंद्र प्रधान ने कहा कि चौधरी राकेश टिकैत किसानों की आवाज बुलंद करने वाले नेता हैं और उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उड़ीसा पुलिस राकेश टिकैत को रिहा नहीं करती, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं में प्रदेश महासचिव सत्येंद्र बालियान, जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र बालियान, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र बालियान, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अखलाक चौधरी, सतेंद्र फौजी, वीरेंद्र सिंह प्रधान, बालिन्द्र बालियान, हरेंद्र सिंह, बबलू बालियान, चंद्रवीर सिंह,धन सिंह माजिद अली और शाहिद सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं, लेकिन उनके चेहरे पर आक्रोश साफ झलक रहा है।
धरनास्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की।
भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आंदोलन केवल राकेश टिकैत की रिहाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान हितों के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को प्रदेश स्तर से और व्यापक किया जाएगा।











