सड़क हादसों ने ली दो महिलाओं की जान, डिवाइडर व गड्ढे बने खतरा
सड़क हादसों ने ली दो महिलाओं की जान, डिवाइडर व गड्ढे बने खतरा

शाहपुर। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। बीते दिनों और गुरुवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों सोरम निवासी जगवती पत्नी सुगनपाल मोटरसाइकिल से अपने परिजनों के साथ मुजफ्फरनगर से गांव सोरम लौट रही थीं। शाहपुर स्थित केनरा बैंक के सामने सड़क पर बने गड्ढे में मोटरसाइकिल गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
वहीं दूसरी घटना गुरुवार सुबह गांव काकड़ा के निकट हुई। चरथावल निवासी अंजुम पत्नी सालिम ईद के बाद अपने मायके बसधाड़ा आई हुई थीं। सुबह अपने पति व बच्चों के साथ ससुराल लौटते समय मुजफ्फरनगर मार्ग पर कन्या इंटर कॉलेज काकड़ा के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क डिवाइडर से टकराकर गिर गई। हादसे में दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने 30 वर्षीय अंजुम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति का प्राथमिक उपचार किया गया। मृतक महिला के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर बने डिवाइडर और गहरे गड्ढे आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।











