
चैत्र नवरात्रि पर कल्पना चावला इंटर कॉलेज में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन
चैत्र नवरात्रि पर कल्पना चावला इंटर कॉलेज में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन
शाहपुर। पावन चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज, शाहपुर में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतेन्द्र पाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी स्वरूप माना गया है। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, आदर और संरक्षण का प्रतीक है। छोटी-छोटी कन्याओं में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का वास माना जाता है, इसलिए उनका पूजन कर हम समाज में नारी के महत्व को स्वीकार करते हैं और उन्हें उचित स्थान देने का संकल्प लेते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। उन्हें प्रसाद, उपहार एवं भोजन कराकर आशीर्वाद लिया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की गई। विद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित जनों ने इस आयोजन को सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को यह संदेश देते हैं कि बेटियों का सम्मान, उनकी शिक्षा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बेटियों को सशक्त बनाकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में मां दुर्गा से सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की गई। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश देते हुए सभी से इस दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।











