
कृषि सुधारों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता सकारात्मक: अशोक बालियान
कृषि सुधारों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता सकारात्मक: अशोक बालियान
नई दिल्ली। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से कृषि क्षेत्र में सुधार को लेकर हुई मुलाकात सकारात्मक और सार्थक रही। यह बात पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन एवं किसान नेता अशोक बालियान ने कही। उन्होंने बताया कि उन्हें रक्षा मंत्री के आवास पर मुलाकात का अवसर प्राप्त हुआ, जिसमें कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पैटर्न बोर्ड के चेयरमैन सुभाष चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र में सुधार (रिफॉर्म) और किसानों के हितों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से किसानों को मूल्य जोखिम से बचाने के लिए हेजिंग (Hedging) जैसे आधुनिक उपायों पर चर्चा केंद्रित रही।
अशोक बालियान ने बताया कि वर्तमान समय में किसानों को बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी आय प्रभावित होती है। ऐसे में हेजिंग जैसी व्यवस्था किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर सकती है। इस विषय पर रक्षा मंत्री के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और उपयोगी रही।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि कृषि सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे भी विस्तार से चर्चा की जाएगी और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस मुलाकात को किसानों के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है, जिससे भविष्य में कृषि क्षेत्र में ठोस सुधारों की उम्मीद जताई जा रही है।











