
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तक गांव प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग, राज्यपाल के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तक गांव प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग, राज्यपाल के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
शाहपुर। खंड विकास क्षेत्र शाहपुर के विभिन्न गांवों के प्रधानों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने तक मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में अखिल भारतीय गांव प्रधान संगठन के नेतृत्व में प्रधानों ने प्रदेश की राज्यपाल के नाम खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय गांव प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तथा गांव चांदपुर के प्रधान डॉ. कुलदीप त्यागी ने बताया कि क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधानों ने एकत्र होकर बीडीओ प्रमोद कुमार को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल आगामी 25 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि परिस्थितियों को देखते हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर कराए जाने की संभावना कम दिखाई दे रही है।
डॉ. त्यागी ने बताया कि प्रधान संगठन को आशंका है कि यदि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो जाता है तो प्रदेश सरकार गांव पंचायतों में सरकारी कर्मचारियों को प्रशासक के रूप में नियुक्त कर सकती है। उनका कहना है कि यह व्यवस्था किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं होगी, क्योंकि ग्राम प्रधान जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि होते हैं और उन्हें गांव के विकास कार्यों की बेहतर जानकारी होती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सरकार के लिए सबसे बेहतर विकल्प यही होगा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखते हुए मौजूदा निर्वाचित ग्राम प्रधानों का कार्यकाल त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने तक बढ़ा दिया जाए। इससे पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता भी बनी रहेगी और प्रशासनिक व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहेगी।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में गांव ढिंढावली के प्रधान शिवम सैनी, काकड़ा के नीरज कुमार, रसूलपुर जाटान के जसवंत सिंह बालियान, गोयला के धर्मपाल सिंह, आदमपुर के मुसर्रत अली खान, पलड़ी के मोनू सैनी, सोरम के करणवीर सिंह, बसधाड़ा के दिलशाद त्यागी, निजामपुर के मोनू त्यागी तथा जीवना के मोहित कुमार सहित दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।











