
नगर पंचायत व खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण, आय के स्रोत बढ़ाने के दिए निर्देश शाहपुर। सहारनपुर मंडल के अपर आयुक्त रमेश यादव ने शुक्रवार को कस्बे में पहुंचकर नगर पंचायत कार्यालय तथा खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, अभिलेखों तथा विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत को अपनी आय के स्रोत बढ़ाकर क्षेत्र में अधिक विकास कार्य कराने पर जोर दिया।
नगर पंचायत व खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण, आय के स्रोत बढ़ाने के दिए निर्देश

शाहपुर। सहारनपुर मंडल के अपर आयुक्त रमेश यादव ने शुक्रवार को कस्बे में पहुंचकर नगर पंचायत कार्यालय तथा खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, अभिलेखों तथा विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत को अपनी आय के स्रोत बढ़ाकर क्षेत्र में अधिक विकास कार्य कराने पर जोर दिया।

शुक्रवार दोपहर अपर आयुक्त रमेश यादव अचानक शाहपुर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी तथा अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न अभिलेखों की जांच की। इस दौरान उन्होंने जन्म-मृत्यु रजिस्टर, जल मूल्य कर, कर संग्रहण से संबंधित अभिलेख तथा अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों का गहनता से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने नगर पंचायत की आय-व्यय व्यवस्था की भी जानकारी ली तथा अब तक कराए गए विकास कार्यों के बारे में विस्तार से पूछा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगर पंचायत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाए और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करे।

अपर आयुक्त रमेश यादव ने कहा कि नगर पंचायत को केवल शासन से मिलने वाली धनराशि पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने स्तर पर भी आय के स्रोत बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर पंचायत अपनी उपलब्ध भूमि और संपत्तियों को कब्जे में लेकर उनका समुचित उपयोग करे। इन पर आवश्यक निर्माण कार्य कराकर आय के साधन विकसित किए जा सकते हैं, जिससे नगर क्षेत्र में और अधिक विकास कार्य कराए जा सकें।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन ने अपर आयुक्त को जानकारी दी कि कस्बे में स्वकर प्रणाली लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे कार्य पूर्ण होते ही स्वकर प्रणाली लागू कर दी जाएगी, जिससे राजस्व में बढ़ोतरी होने की संभावना है और नगर पंचायत को विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन मिल सकेंगे।
निरीक्षण के समय नगर पंचायत के सभी कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने विभाग से संबंधित जानकारी अपर आयुक्त को उपलब्ध कराई।
नगर पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के बाद अपर आयुक्त रमेश यादव ने खंड विकास कार्यालय का भी दौरा किया। वहां उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों में सक्रियता देखने को मिली।











