
गुरु बलबीर महाराज की पुण्यतिथि पर गोयला में विशाल इनामी दंगल, 1.21 लाख की कुश्ती भारत केसरी पहलवान भोल्ला ने जीती
गुरु बलबीर महाराज की पुण्यतिथि पर गोयला में विशाल इनामी दंगल, 1.21 लाख की कुश्ती भारत केसरी पहलवान भोल्ला ने जीती

शाहपुर। क्षेत्र के गांव गोयला में गुरु बलबीर महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर एक दिवसीय इनामी विशाल कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इस दंगल में दूर-दूर से आए नामी पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। दंगल का मुख्य आकर्षण एक लाख 21 हजार रुपये की इनामी कुश्ती रही, जिसे हरियाणा के कासनी निवासी भारत केसरी पहलवान भोल्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया।

दंगल का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे दंगल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और उनमें अनुशासन, मेहनत तथा आत्मविश्वास की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने कहा कि दंगल जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अनुशासन का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें मंच देने की है। ऐसे आयोजनों से गांवों के युवा आगे बढ़कर अपने गांव, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अमर नायक राहुल सिंह, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर के अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य सतेन्द्र बालियान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती की परंपरा सदियों से चली आ रही है। दंगल जैसे आयोजन युवाओं को नशे और बुरी आदतों से दूर रखकर उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों के युवा यदि मेहनत और लगन से खेलों में आगे बढ़ें तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

जिला ओलंपिक संघ के सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दंगल में मुख्य कुश्ती एक लाख 21 हजार रुपये की रही, जो हरियाणा के कासनी के भारत केसरी पहलवान भोल्ला और रोहतक के पहलवान भीमा के बीच लड़ी गई। इस रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने शानदार दांव-पेंच दिखाए, लेकिन अंत में भोल्ला पहलवान ने अपने अनुभव और ताकत के दम पर जीत हासिल कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
इसके अलावा अन्य इनामी कुश्तियों में भी पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोहतक के पहलवान प्रशांत और अक्षत के बीच 21 हजार रुपये की कुश्ती लड़ी गई, जबकि कुरड़ी के अक्षय और कैराना के नसीम पहलवान के बीच 11 हजार रुपये की कुश्ती हुई। जलमाना के पहलवान मनजीत और बदरखा के पहलवान आकाश के बीच 11 हजार रुपये की कुश्ती काफी देर तक रोमांचक रही और अंत में यह मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दंगल के आयोजक अंतरराष्ट्रीय पहलवान धीरज पहलवान ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, पहलवानों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के बड़े दंगलों का आयोजन कर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन मास्टर रामपाल सिंह और कोच जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रवीण कुमार कोच, कुलवंत बालियान, गांव प्रधान धर्मपाल सिंह, ऋषिपाल सिंह चेयरमैन, वेदपाल सिंह, कृष्ण खलीफा, विशू पहलवान सोरम, धर्मेंद्र दाहा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।











