बसीकलां में दिल दहला देने वाली वारदात: प्रेम-प्रसंग के विरोध में 4 वर्षीय भतीजी की हत्या, भाभी पर चाकू से हमला; आरोपी बुआ गिरफ्तार

बसीकलां में दिल दहला देने वाली वारदात: प्रेम-प्रसंग के विरोध में 4 वर्षीय भतीजी की हत्या, भाभी पर चाकू से हमला; आरोपी बुआ गिरफ्तार


शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव बसीकलां में सोमवार की रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चार वर्षीय मासूम बच्ची की उसकी सगी बुआ द्वारा कथित रूप से पानी की टंकी में डालकर हत्या कर दी गई, जबकि बच्ची की मां पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के अनुसार सोमवार रात्रि थाना शाहपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बसीकलां में एक महिला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा चाकू से हमला किया गया है और उसकी चार वर्षीय बच्ची लापता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घर और आसपास के क्षेत्र में बच्ची की तलाश की गई तो उसका शव घर में ही पानी की टंकी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के मामा, बुढाना निवासी गुलजार पुत्र नवाब की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया तथा अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को परिवार की ही सदस्य माना पुत्री यामीन पर संदेह हुआ। सघन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया गया।


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक कुछ माह पूर्व नौकरी के सिलसिले में चेन्नई चला गया था, जिससे वह फोन पर बात करती थी। आरोपी के अनुसार उसकी बड़ी भाभी फिरदौस को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और वह उसे फोन पर बात करने से रोकती थी तथा उस पर पाबंदी लगाती थी। इसी रंजिश में उसने भाभी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।


आरोप है कि योजना के तहत आरोपी ने नींद की गोलियां मंगाकर परिवार के भोजन में मिला दीं, जिससे परिजन गहरी नींद में सो गए। इसके बाद उसने अपनी चार वर्षीय भतीजी इसरा को उठाकर पानी की टंकी में डाल दिया और ढक्कन बंद कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। तत्पश्चात उसने घर में रखे मीट काटने वाले चाकू से भाभी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।


घायल महिला का उपचार मेरठ के एक अस्पताल में जारी है। घटना के समय बच्ची के पिता और अन्य परिजन लखनऊ सहित अन्य शहरों में कपड़ा व्यवसाय के सिलसिले में गए हुए थे। सूचना मिलते ही वे गांव के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार को लेकर ननिहाल पक्ष और पिता पक्ष के बीच कुछ विवाद की स्थिति भी सामने आई है।
गांव निवासी यामीन का बड़ा परिवार है, जिसमें छह बेटे और पांच बेटियां हैं। चार बेटों और तीन बेटियों का विवाह हो चुका है। परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक व आक्रोश का माहौल है।
थाना शाहपुर पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles