
सोरम गेट पर शहीद विवेक देशवाल की प्रतिमा हेतु भूमि पूजन, ग्रामीणों में जगी नई उम्मीद
सोरम गेट पर शहीद विवेक देशवाल की प्रतिमा हेतु भूमि पूजन, ग्रामीणों में जगी नई उम्मीद 

शाहपुर। कस्बे के निकट सोरम गेट नंबर-1 के पास शुक्रवार को शाहजुड्डी निवासी शहीद विवेक देशवाल की प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन एवं हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हवन के ब्रह्मा पंडित गणेश गोड (हरिद्वार) रहे, जबकि यजमान के रूप में शहीद की पत्नी इंदु तथा उनके बच्चे रुद्र और सानवी उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस भावुक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में हिंदू महासभा अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सिद्धार्थ भट्टाचार्य, स्वामी माधवानंद सरस्वती जी महाराज एवं देशवाल खाप चौधरी शरणवीर सिंह ने पूजन उपरांत चयनित भूमि पर शिलापट्ट स्थापित कर कार्य का शुभारंभ किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद विवेक देशवाल की प्रतिमा कुशल कारीगरों द्वारा तैयार की जा रही है और शीघ्र ही इसे निर्धारित स्थल पर स्थापित कर क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है और उनकी स्मृति युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
ज्ञात हो कि गांव शाहजुड्डी निवासी विवेक देशवाल 2 नवंबर 2024 को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जनपद में तैनाती के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए थे। उनकी अंत्येष्टि व रस्म तेहरवीं में हजारों ग्रामीणों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। उस समय शहीद के नाम पर सड़क मार्ग का नामकरण, मार्ग पर गेट निर्माण तथा प्रतिमा स्थापना का आश्वासन दिया गया था।
सोरम गांव से आगे राजवाहे की पटरी मार्ग पर प्रस्तावित गेट निर्माण के लिए पूर्व में भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत, सांसद हरेंद्र मलिक व देशवाल खाप चौधरी शरणवीर सिंह द्वारा भूमि पूजन किया गया था। सांसद हरेंद्र मलिक ने शीघ्र निर्माण का आश्वासन भी दिया था, किंतु अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।
शुक्रवार को हुए भूमि पूजन कार्यक्रम से एक बार फिर क्षेत्रवासियों में आशा जगी है कि प्रतिमा स्थापना और अन्य लंबित कार्य शीघ्र पूरे होंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, हिंदू महासभा के अजय दादा, विवेक प्रेमी,डॉ गौरव त्यागी,सचिन पाल, जिला पंचायत वार्ड-24 के भावी सदस्य पद प्रत्याशी डॉ. लोकेंद्र बालियान, शहीद के पिता सन्तरपाल,चाचा मा नरेन्द्र सिंह,विजेंद्र प्रधान, भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र बालियान सहित हिंदू महासभा के दर्जनों पदाधिकारी व क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











