तहसील व ब्लॉक में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकियू कार्यकर्ताओं की हुंकार, 22 दिसंबर को बुढ़ाना तहसील पर होगा अनिश्चितकालीन धरना
तहसील व ब्लॉक में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकियू कार्यकर्ताओं की हुंकार, 22 दिसंबर को बुढ़ाना तहसील पर होगा अनिश्चितकालीन धरना
शाहपुर। विकासखंड कार्यालय प्रांगण में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार को लेकर गहरी नाराज़गी व्यक्त की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी दफ्तरों में आम जनता, किसानों और मजदूरों से होने वाली लूट पर रोक लगाने की रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र बालियान ने कहा कि आज हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बिना रिश्वत दिए किसी भी सरकारी दफ्तर में काम होना लगभग असंभव हो गया है। तहसील, ब्लॉक और अन्य विभागों में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि किसान और मजदूर छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी महीनों चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की बेलगाम कार्यशैली ने आम जनता को निराश और परेशान कर दिया है।
भाकियू के जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र बालियान ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सरकारी कर्मचारी पूरी तरह मनमानी पर उतर आए हैं। किसानों के वैध कार्य भी जानबूझकर लटकाए जा रहे हैं, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसानों का धैर्य जवाब दे चुका है, और यदि समय रहते भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
सतेन्द्र प्रधान ने 22 दिसंबर को अपने ट्रेक्टर के साथ सभी क्षेत्रवासियों से तहसील पहुचने का आह्वान किया।बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एकमत होकर निर्णय लिया कि आगामी 22 दिसंबर को तहसील मुख्यालय बुढ़ाना पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि तहसील प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया जाएगा, जो तब तक जारी रहेगा जब तक सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार का खत्मा नहीं हो जाता और जनता को न्याय नहीं मिल जाता।
बैठक की अध्यक्षता चौधरी राजपाल सिंह ने की तथा संचालन अफलातून त्यागी ने किया। इस अवसर पर सत्येंद्र प्रधान, कंवरपाल सिंह, चंद्रवीर सिंह, बबलू बालियान, अनुज बालियान, अमरपाल, मोनू त्यागी, राजू, नौशाद कुरैशी, रिशिपाल चेयरमैन, अकबर अली, सतबीर काकड़ा, देवेंद्र सिंह, सोनू काबा, विकास बालियान सहित सैकड़ों भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार आवाज़ उठाई।











