
EWS प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल करने के लिए स्पष्ट शासनादेश जारी करे सरकार : अशोक बालियान पारिवारिक बंटवारे, राजस्व अभिलेखों और तहसीलों में सत्यापन की जटिलताओं को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र
EWS प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल करने के लिए स्पष्ट शासनादेश जारी करे सरकार : अशोक बालियान
पारिवारिक बंटवारे, राजस्व अभिलेखों और तहसीलों में सत्यापन की जटिलताओं को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र
शाहपुर। पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक बालियान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) युवाओं को 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जागरूकता के अभाव और तहसीलों में राजस्व अभिलेखों तथा सत्यापन प्रक्रिया की जटिलताओं के कारण अनेक पात्र युवाओं को EWS प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए प्रदेश सरकार को स्पष्ट शासनादेश जारी करना चाहिए।
अशोक बालियान ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि सरकार पात्र युवाओं को EWS आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर व्यावहारिक कठिनाइयों के चलते जरूरतमंद परिवारों के बच्चे इस सुविधा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को चार प्रमुख बिंदुओं पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवारों में पिता और 18 वर्ष से अधिक उम्र के विवाहित भाइयों के बीच संपत्ति का बंटवारा नहीं होने से पूरी संपत्ति एक ही परिवार के नाम दर्ज रहती है। इससे पात्र युवाओं के EWS प्रमाण पत्र बनने में बाधा आती है। ऐसे मामलों में पारिवारिक बंटवारे तथा घरौनी और खतौनी में बालिग भाइयों के हिस्से दर्ज करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए।
दूसरे बिंदु में उन्होंने कृषि कार्य और पशुओं को बांधने के लिए इस्तेमाल होने वाले बाड़े एवं घेर को आवासीय भूखंड मानने की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को बिना वास्तविक स्थिति की जांच किए आवासीय भूमि मान लेने से पात्र युवा अपात्र हो जाते हैं। इसके लिए राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
तीसरे बिंदु में अर्धशहरी क्षेत्रों में 100 और 200 वर्ग गज की भूमि सीमा को लेकर भ्रम दूर करने के लिए अधिसूचित नगर पालिका और ग्राम पंचायत क्षेत्रों की स्पष्ट सूची उपलब्ध कराने की मांग की गई। चौथे बिंदु में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर लंबित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक आपत्तियां लगाकर आवेदन निरस्त करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की गई।
अशोक बालियान ने विश्वास जताया कि इन प्रशासनिक सुधारों से बिना किसी केंद्रीय कानून में बदलाव किए प्रदेश के हजारों गरीब, मध्यम वर्गीय और किसान परिवारों के युवाओं को राहत मिल सकती है। उन्होंने EWS आरक्षण के दायरे में आने वाले सभी समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आरक्षण के नियमों की जानकारी प्राप्त करें, आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और पात्रता के अनुसार EWS प्रमाण पत्र बनवाकर इसका लाभ उठाएं।











