
सड़क सुरक्षा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करने की अपील, अतिथियों ने प्रचार वाहन व बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सड़क सुरक्षा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करने की अपील, अतिथियों ने प्रचार वाहन व बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मुजफ्फरनगर।परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से जनपद मुजफ्फरनगर में 16 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े का मंगलवार को पीआर पब्लिक स्कूल में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. वीरपाल निर्वाल प्रशासक जिला पंचायत एवं मीनाक्षी स्वरूप अध्यक्ष नगर पालिका परिषद ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रचार-प्रसार वाहन एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का एआरटीओ एवं यात्री कर अधिकारी ने लाइव प्लांट और सड़क सुरक्षा शपथ के प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। एआरटीओ प्रवर्तन ने स्वागत संबोधन में जनपदवासियों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और अनमोल जीवन बचाने के लिए अभियान में सहयोग करने की अपील की।
डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चे और युवा समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यार्थी स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों का संदेश दिया। कक्षा 11 की आर्य कौशिक व तनिष्का चौधरी तथा कक्षा सात की अवनी ने भाषण के माध्यम से अपने विचार रखे। बेहतर प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। यातायात उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने राहवीर योजना की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा की नैतिक जिम्मेदारी है। प्रबंधक अशोक सिंघल ने जागरूकता और अनुशासन को दुर्घटनाओं की रोकथाम का आधार बताया।
डॉ. राजीव कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। अंत में यात्री कर अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव ने एआरटीओ प्रशासन अजय मिश्रा एवं एआरटीओ प्रवर्तन सीएल निगम की ओर से अतिथियों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।











