
एसपी ग्रामीण ने शाहपुर क्षेत्र में पीआरवी वाहनों और ड्यूटी पॉइंट्स का किया निरीक्षण पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आपातकालीन सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
एसपी ग्रामीण ने शाहपुर क्षेत्र में पीआरवी वाहनों और ड्यूटी पॉइंट्स का किया निरीक्षण
पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आपातकालीन सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

शाहपुर, मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने मंगलवार को थाना शाहपुर क्षेत्र में पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) वाहनों एवं निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
27 अक्टूबर को किए गए निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने चौकी हरसौली एवं कस्बा चौकी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ड्यूटी की स्थिति और क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। साथ ही पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ग्रामीण ने निर्देशित किया कि पीआरवी कर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स पर मुस्तैदी से तैनात रहें और क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें। किसी भी आपातकालीन सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को समय पर पुलिस सहायता मिल सके।

उन्होंने चौकी हरसौली और कस्बा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एसपी ग्रामीण ने पीआरवी वाहनों को सदैव क्रियाशील रखने तथा उनमें उपलब्ध आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।











