
बकाया पैसे मांगने पर हलवाई नरेश और बेटे सुमित पर हमला, धारदार हथियारों से मारपीट कर किया घायल, लाठी-डंडों से हमले में दोनों घायल, नरेश की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर; घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित
बकाया पैसे मांगने पर हलवाई नरेश और बेटे सुमित पर हमला, धारदार हथियारों से मारपीट कर किया घायल,
लाठी-डंडों से हमले में दोनों घायल, नरेश की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर; घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित

मुजफ्फरनगर। मेहनत की कमाई के बकाया पैसे मांगने पर दबंगों द्वारा हलवाई और उसके बेटे के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गांव मुबारिकपुर निवासी हलवाई नरेश और उसके बेटे सुमित पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें दोनों घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी नरेश हलवाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि दबंगो पर उसके कार्य करने के बकाया पैसे मांगने को लेकर आरोपियों ने नरेश और उसके बेटे सुमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष ने बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने नरेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। उसके बेटे सुमित को भी चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो
बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
——————-

भाजपा नेता सुनील मालियान और इंडियन जन सेवा दल नेता हरेंद्र सेन,विजयपाल सिंह ने जाना घायल का हाल
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा सेन समाज के जिला अध्यक्ष सुनील मालियान और इंडियन जन सेवा दल के प्रदेश सचिव हरेंद्र सेन ,मंडल अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने पीड़ित के पास पहुंचे। उन्होंने घायल नरेश का हालचाल जाना और उसके उपचार के संबंध में जानकारी ली। पदाधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मेहनत की कमाई के पैसे मांगना उसका अधिकार है। बकाया रकम मांगने पर मारपीट किया जाना गंभीर मामला है। नरेश के पुत्र सुमित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।











